*कक्षा में पहुंचे डीएम, सवालों की बौछार से परखी बच्चों की समझ*

लखीमपुर खीरी , 16

*मुद्रा ज्ञान से लेकर संज्ञा-सर्वनाम तक पूछे सवाल, सही जवाब पर गूंजी तालियां; स्मार्ट बोर्ड पर देखी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी*

लखीमपुर खीरी, 01 अक्टूबर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता केवल कागजों में नहीं, बल्कि कक्षा में बच्चों की समझ में कितनी उतर रही है, यह परखने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह गुरुवार को अचानक विकास क्षेत्र लखीमपुर के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय रामापुर पहुंच गए। डीएम को कक्षा में देख बच्चों में उत्सुकता बढ़ी तो उन्होंने भी बिना किसी औपचारिकता के सीधे सवाल शुरू कर दिए। बच्चों के जवाब से शिक्षण की स्थिति परखी और सही उत्तर देने वालों का तालियों से उत्साह बढ़ाया।

प्राथमिक विद्यालय में डीएम ने बच्चों से मुद्रा ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। सोम्या और अंकुल ने सवालों के सही जवाब दिए तो डीएम ने उनकी पीठ थपथपाई और पूरी कक्षा से तालियां बजवाईं। उन्होंने बच्चों से पहाड़े भी सुने। इसके बाद ब्लैक बोर्ड पर मुद्रा को दशमलव सहित लिखवाकर बच्चों की समझ जांची। विद्यार्थियों के सही जवाब देने पर डीएम ने फिर तालियां बजवाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय रामापुर की कक्षा सात में पहुंचे डीएम ने वहां चल रही पढ़ाई के बीच बच्चों से संवाद किया। उन्होंने संज्ञा और सर्वनाम की परिभाषा, भाषा तथा उदाहरण पूछे। छात्राओं ने सवालों के जवाब दिए तो डीएम ने उनकी सराहना की और पूरी कक्षा से तालियां बजवाईं।

*स्मार्ट बोर्ड पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी*
निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक एवं विज्ञान शिक्षक अनिल कुमार स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा की तैयारी कराते मिले। डीएम ने बच्चों की तैयारी और परीक्षा को लेकर विद्यालय की व्यवस्था की जानकारी ली। बताया गया कि विद्यालय के छह विद्यार्थियों का परीक्षा के लिए नामांकन कराया गया है और उन्हें नियमित रूप से तैयारी कराई जा रही है।

डीएम ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की बुनियादी शैक्षिक समझ मजबूत करने के साथ विषयों को उदाहरण और संवाद के माध्यम से पढ़ाया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी तैयार करने पर जोर दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top