लापरवाही से परिवार में कोहराम 9 माह की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
लखीमपुर खीरी Sep 30, 2026 at 05:45 PM , 0मितौली खीरी।वन विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई के बाद सड़क किनारे छोड़े गए अधकटे तने से बाइक टकराने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कस्ता-भीखमपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर गोला सहित पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।मंगलवार देर शाम अवनीश मिश्र (30) पुत्र ब्लस्टर मिश्र बाइक से सेनपुर से अपने गांव डहर लौट रहे थे। रास्ते में वन विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई के बाद सड़क किनारे पेड़ के कुछ तने पड़े हुए थे। इसी दौरान उनकी बाइक अधकटे तने से टकरा गई। हादसे में अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने कस्ता भीखमपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसएचओ दिलीप चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके अलावा कस्ता चौकी प्रभारी, सीओ मितौली यदुवेंद्र यादव तथा एसडीएम मितौली संत दास पंवार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को नियमानुसार सहायता और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और जाम खुल सका।
मितौली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। बताया गया कि मृतक की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसके परिवार में नौ माह की एक बच्ची है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






_page-0001.jpg)
























Comments