*पलिया बस यूनियन की अनिश्चितकालीन हड़ताल, थमे बसों के पहिए;*

लखीमपुर खीरी , 7

*(यात्री परेशान आरटीओ को ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप, सुबह से धरने पर बैठे बस यूनियन पदाधिकारी)*

पलियाकलां (खीरी)। जिले में बस संचालन से जुड़ी समस्याओं को लेकर बस यूनियनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के चलते बसों के पहिए थम गए हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही बस यूनियन के पदाधिकारी धरने पर बैठे हैं और अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बस यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि हाईवे सहित विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शा, प्राइवेट टैक्सी, मैजिक और अन्य छोटे वाहनों से बड़ी संख्या में सवारियां ढोई जा रही हैं। यूनियन का आरोप है कि इन वाहनों के संचालन से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं।
बस मालिकों के मुताबिक छोटे वाहनों के बढ़ते संचालन का सीधा असर बस व्यवसाय पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि बसों से पर्याप्त आय नहीं होने के कारण बीमा, टैक्स और परमिट जैसी जरूरी औपचारिकताओं का समय से भुगतान करना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा बसों में कार्यरत चालक और परिचालकों समेत अन्य स्टाफ का वेतन निकालना भी मुश्किल हो गया है।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, 22 सितंबर को आरटीओ खीरी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज बस यूनियनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया।
हड़ताल के कारण सुबह से ही विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन प्रभावित रहा। बस अड्डों और प्रमुख मार्गों पर यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशान दिखाई दिए। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
धरने पर बैठे यूनियन पदाधिकारियों में प्रशासन की ओर से किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी नाराजगी देखने को मिली। पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
अब देखना यह है कि प्रशासन और परिवहन विभाग बस यूनियन की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं और जिले में प्रभावित बस सेवा कब तक बहाल हो पाती है।

Related Articles

Comments

Back to Top