*सहकारिता से समृद्धि की राह, किसानों तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ*
लखीमपुर खीरी Sep 23, 2026 at 06:58 PM , 0*मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से गांवों को जोड़ने पर जोर, 169 समितियां और 62 बैंक शाखाएं निभाएंगी भूमिका*
*जिला पंचायत सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि व भारत टैक्सी योजना पर कार्यक्रम, एलईडी स्क्रीन पर मुख्यमंत्री का संबोधन*
लखीमपुर खीरी, 23 सितंबर। किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला सहकारी बैंक की ओर से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी योजना पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें किसान, सहकारी समितियों के अध्यक्ष-सचिव, पदाधिकारी, बैंक अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और सदर विधायक योगेश वर्मा ने डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीडीओ योगानंद पाण्डेय जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विनीत मनार पटेल, के साथ किया। इस दौरान डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रवीण कुमार, डीडीएम नाबार्ड प्रसून सोनार तथा बैंक के सीईओ मनोज कुमार पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सहकारी समितियों और बैंकों को मजबूत कर किसानों तक योजनाओं एवं वित्तीय सुविधाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने किसानों से बैंक ऋण का सदुपयोग करने और समय से अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि सरकार की योजनाएं युवाओं और उद्यमियों को आगे बढ़ने के अवसर दे रही हैं। सहकारी बैंक और समितियां कम ब्याज दर पर वित्तीय साधन उपलब्ध कराकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिपं प्रशासक प्रतिनिधि नरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वरोजगार परिवार की आजीविका को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचने से स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण को गति मिलेगी।
डीसीबी अध्यक्ष विनीत मनार ने बताया कि जिले में 169 सहकारी समितियां सक्रिय हैं। जिला सहकारी बैंक की 62 शाखाओं के माध्यम से किसानों और युवाओं को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। भूमि विकास बैंक के माध्यम से किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की जानकारी देते हुए उन्होंने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का आह्वान किया।
*एलईडी स्क्रीन पर मुख्यमंत्री का संबोधन*
कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित किसानों और सहकारी समितियों के पदाधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक शाखा धौरहरा के अध्यक्ष केके मिश्रा ने भी विचार रखे।
*पांच ऋण सदस्य सम्मानित*
कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के पांच ऋण सदस्यों को संबंधित शाखाओं के अध्यक्षों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को योजनाओं तथा सहकारिता के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करना रहा।






_page-0001.jpg)
























Comments