पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, चार पर केस,

लखीमपुर खीरी , 2

गोला गोकर्णनाथ (खीरी), थाना क्षेत्र के गांव घरथनिया में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों व बांके से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार गांव घरथनिया निवासी बहादुर लाल ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बीती 18 सितंबर को गांव निवासी आशीष कुमार उनके घर आया और उनके पुत्र सुरजीत कुमार को किसी काम के बहाने गोला बाजार ले गया। आरोप है कि रास्ते में आशीष ने फोन कर अपने तीन साथियों को बैदौखेड़ा के पास स्थित खाद गोदाम के समीप बुला लिया।

वापसी के दौरान खाद गोदाम के पास मोटरसाइकिल रोककर चारों आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडा और बांके से सुरजीत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कपिल, श्रवण, शिवांशु व आशीष कुमार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top