शिक्षक की बर्बरता मासूम छात्र को लोहे के स्केल से पीटा पुलिस से शिकायत
लखीमपुर खीरी Sep 23, 2026 at 06:49 PM , 2लखीमपुर खीरी।उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से गुरु और शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक नामी स्कूल में शिक्षक द्वारा एक नाबालिग छात्र को लोहे के स्केल (पटरी) से बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित छात्र के पिता ने इस संबंध में कोतवाली सदर प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।कोतवाली सदर प्रभारी को सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार पीड़ित छात्र शहर के आर.एम. ज्ञान दायिनी स्कूल में पढ़ता है। आरोप है कि स्कूल के शिक्षक अंकित पांडे ने मामूली बात पर छात्र की लोहे के स्केल से बेरहमी से पिटाई कर दी। शिक्षक ने बच्चे की हथेली पर लोहे के स्केल से कई बार वार किए, जिससे बच्चे के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और वह असहनीय दर्द से तड़प रहा है।घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी और पूरे मामले से अवगत कराया। आरोप है कि घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने पीड़ित परिवार पर चौतरफा दबाव बनाया, जिसके कारण शुरुआती तौर पर उन्हें मजबूरन समझौता करना पड़ा। लेकिन बच्चे के हाथ का दर्द और उसकी हालत बिगड़ती देख माता-पिता सहम गए।छात्र के पिता आशुतोष त्रिवेदी ने पुलिस को दिए पत्र में आशंका जताई है कि लोहे की स्केल से लगी चोट के कारण भविष्य में बच्चे को कोई गंभीर शारीरिक समस्या या बीमारी (जैसे टिटनेस या अंदरूनी चोट) न हो जाए। पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि बच्चे का उचित मेडिकल परीक्षण कराया जाए और दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।इस मामले में पुलिस ने शिकायत पत्र के आधार पर जांच शुरू कर दी है। स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के इस तरह के हिंसक रवैये को लेकर स्थानीय अभिभावकों में भारी आक्रोश है।इस संबंध में जब कालेज के प्रधानाचार्य सचिन कुमार से जानकारी के लिए फोन किया गया तो कई बार घंटी जाती रहीं लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया जिससे उनका पक्ष नहीं मिल सका।






_page-0001.jpg)
























Comments