*बच्चों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम*
लखीमपुर खीरी Sep 23, 2026 at 05:47 PM , 2विद्यालयों में 16 बिंदुओं की सुरक्षा चेकलिस्ट लागू करने के निर्देश, सीसीटीवी-पैनिक बटन और स्टाफ सत्यापन पर जोर
लखीमपुर खीरी। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिले के विद्यालय प्रबंधनों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 16 बिंदुओं की सुरक्षा चेकलिस्ट का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यालय परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पैनिक बटन, प्रवेश-निकास पर निगरानी और विजिटर की समुचित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों का सत्यापन कराने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधनों से सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी लापरवाही की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उपायों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखकर उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
अभिभावकों से भी सुरक्षा की अपील
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को दोपहिया वाहन पर हेलमेट जरूर पहनाएं और स्वयं भी हेलमेट का प्रयोग करें। बच्चों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने को जरूरी बताया गया।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश रहा कि विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






_page-0001.jpg)
























Comments