स्कूल में घुसकर शिक्षिका की हत्या के बाद युवक ने खुद को भी मारी गोली बच्चों में फैली दहशत

लखीमपुर खीरी , 0

लखीमपुर खीरी।उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के बीचों-बीच सदर कोतवाली इलाके में स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी शाहपुरा कोठी निकट बड़ा डाकखाना में एक सिरफिरे युवक ने क्लासरूम के अंदर बच्चों के सामने महिला शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके तुरंत बाद खुद की कनपटी पर भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस भीषण गोलीकांड में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल में रोज की तरह शिक्षण कार्य चल रहा था। तभी नौरंगाबाद निवासी साउद अंसारी (28 वर्ष) अवैध हथियार लेकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि वह स्कूल की पहली मंजिल पर स्थित क्लासरूम में गया, जहाँ बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। आरोपी साउद ने वहां मौजूद महिला शिक्षिका निशात फातिमा (26 वर्ष) पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। खून से लथपथ शिक्षिका के जमीन पर गिरते ही आरोपी ने उसी असलहे से खुद की कनपटी पर गोली मार ली।मासूम बच्चों में फैला खौफ, स्कूल में मची अफरा-तफरी
क्लास रूम के अंदर बच्चों के ठीक सामने हुई इस खूनी वारदात से स्कूल में चीख-पुकार मच गई। मासूम बच्चे बुरी तरह सहम गए और पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। वारदात की खबर फैलते ही अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों की भारी भीड़ स्कूल के बाहर जमा हो गई।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लाइन से भारी संख्या में पुलिस बल को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग समेत तमाम आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिस जगह यह वारदात हुई है, वह शहर का बेहद व्यस्त इलाका है और पड़ोस में ही पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में बीच शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल के अंदर कोई बाहरी अज्ञात युवक हथियार लेकर कैसे घुस गया?उसने आसानी से दूसरी मंजिल के क्लासरूम तक पहुंच कैसे बनाई? इन बातों को लेकर स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।पुलिस ने पूरे क्लासरूम और स्कूल परिसर की घेराबंदी (कॉर्डन ऑफ) कर ली। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए स्कूल प्रशासन, वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।घटना स्थल पर पत्रकरों को जाने से सदर कोतवाल ने रोंक दिया जिससे पत्रकार और पुलिस से थोड़ी देर तक बहस भी हो गई आखिर ऐसा क्या था जो पुलिस छुपाने की कोशिश कर रहीं थी।

Related Articles

Comments

Back to Top