*गन्ने की पेराई से भुगतान तक… किसान हित में बेलरायां मिल ने खींची नई लकीर*

लखीमपुर खीरी , 9

*15 नवंबर से शुरू होगा पेराई सत्र, 144 दिन में 70 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य | 7.70 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का प्रस्ताव*

लखीमपुर-खीरी, 18 सितंबर। खेत से मिल तक गन्ने की यात्रा सुगम हो और किसान को उसकी उपज का भुगतान समय पर मिले, इसी संकल्प के साथ सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां ने आगामी पेराई सत्र की तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को मिल की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में 15 नवंबर 2026 से आठ अप्रैल 2027 तक 144 दिन का पेराई सत्र चलाने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान 70 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई और 11 प्रतिशत रिकवरी के आधार पर 7.70 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन का लक्ष्य प्रस्तावित किया गया।

डीएम एवं मिल अध्यक्ष अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में गन्ना क्रय केंद्रों से लेकर मिल के आधुनिकीकरण तक कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंथन हुआ। मिलगेट सहित 32 गन्ना क्रय केंद्र सुरक्षित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही पलिया चीनी मिल के सात, गुलरिया चीनी मिल के 18 और ऐरा चीनी मिल के नौ क्रय केंद्रों के प्रस्ताव पर भी विचार हुआ।

*28 करोड़ का मुनाफा, अब आधुनिकीकरण की बारी*
बैठक में मिल की वित्तीय स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विगत वित्तीय वर्ष में मिल ने 28 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया। डीएम ने इसे किसानों, श्रमिकों, कर्मचारियों और मिल प्रबंधन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि लाभ की इस स्थिति को बनाए रखने के लिए तकनीकी क्षमता बढ़ाने और व्यवस्थाओं को और बेहतर करने की जरूरत है।

मिल के पुराने बॉयलरों को हटाकर नए बड़े बॉयलर और नई टरबाइन लगाने तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप वेट स्क्रबर स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। लखहा, तिकुनियां, निघासन और गजियापुर में चार नए उर्वरक गोदामों के निर्माण तथा चार गोदामों की मरम्मत का प्रस्ताव भी रखा गया।

*‘समय से मिल चले, समय से पैसा मिले’ पर जोर*
निघासन विधायक शशांक वर्मा ने कहा कि चीनी मिल का समय से संचालन और किसानों को गन्ने का समयबद्ध भुगतान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने किसानों को समय से बीज उपलब्ध कराने और पेराई सत्र में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। कहा कि मिल के पिछले दो वर्षों से लाभ में रहने का श्रेय किसानों, मिल प्रबंधन, बोर्ड सदस्यों और अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों को जाता है।

डीएम ने कहा कि किसान और श्रमिक अपने परिश्रम से कृषि एवं उद्योग की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। गन्ना किसानों के भुगतान में अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समयसीमा में भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए एफपीओ के माध्यम से बाजार से जुड़ने, ग्रेडिंग, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में ‘हे ग्राम देवता नमस्कार’ की पंक्तियों के माध्यम से किसानों के श्रम को नमन किया।

बैठक में 30 सितंबर तक बनाए जाने वाले नए एवं वारिस सदस्यों को गन्ना आपूर्ति की सुविधा देने तथा नाबार्ड योजना के तहत पात्र किसानों का शेयर जमा कराकर ऋण सीमा बढ़ाने पर भी सहमति बनी। कैन कैरियर पर बैलगाड़ी/डनलप से गन्ना उतारने के लिए छोटे अनलोडर की खरीद, यार्ड के गड्ढों की मरम्मत और अन्य आधारभूत कार्यों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर चीनी मिल के डायरेक्टर मनोज पांडे, उपाध्यक्ष सुच्चा सिंह, प्रबंध निदेशक राजेश कुमार सहित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य मौजूद रहे।
                     ========
*पेराई सत्र से पहले डीएम ने परखी बेलरायां चीनी मिल की तैयारिया, दिए निर्देश*

*डीएम ने विधायक संग मिल का किया निरीक्षण, 15 अक्टूबर तक मरम्मत पूरी कराने के निर्देश*
आगामी पेराई सत्र को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह ने निघासन विधायक शशांक वर्मा के साथ सरजू सहकारी चीनी मिल बेलरायां का निरीक्षण किया। उन्होंने मिल हाउस, पावर हाउस समेत विभिन्न इकाइयों में चल रहे मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों का जायजा लिया।

डीएम ने निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक सभी मरम्मत कार्य पूरे करा लिए जाएं। इसके बाद 15 दिन का ट्रायल कराकर मशीनरी की कार्यक्षमता परखी जाए, ताकि पेराई सत्र शुरू होने पर किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न आए। उन्होंने जर्जर उपकरणों को बदलने, अनुपयोगी स्क्रैप का नियमानुसार निस्तारण कराने और भंडारण व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि पेराई सत्र समय से शुरू होना किसानों के हित में बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र, प्रधान प्रबंधक राजेश कुमार, चीफ इंजीनियर, चीफ केमिस्ट, मुख्य लेखाकार और सीसीओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top