पीएमएसए इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का हुआ शपथ ग्रहण

लखीमपुर खीरी , 0

संगठन अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारी को सीएमओ ने दिलाई शपथ 

(केके शुक्ला)

​लखीमपुर खीरी। प्रोविंशियल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (PMSA) उत्तर प्रदेश की लखीमपुर इकाई के चुनाव संपन्न होने के पश्चात बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


​ज्ञात हो कि हाल ही में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में संपन्न हुए चुनाव में डॉ. रामू सिंह वर्मा ने भारी मतों से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। चुनाव अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार रावत व डॉ. धनीराम भार्गव के अनुसार, जनपद में संघ के कुल 86 सदस्य पंजीकृत हैं, जिनमें से 74 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के मुकाबले में डॉ. रामू सिंह वर्मा को 54 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी डॉ. लालजी पासी को 18 वोट प्राप्त हुए। वहीं, सचिव पद के लिए डॉ. अमित कुमार सिंह और डॉ पंकज कुमार को बराबर-बराबर वोट मिले थे, जिस वजह से इस पद के परिणाम पर अंतिम निर्णय केंद्रीय कार्यकारिणी से मंत्रणा के बाद लिया गया और डॉ अमित सिंह को वरिष्ठता के आधार पर सचिव बनाया गया है।

​चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई अन्य पदों पर पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इनमें उपाध्यक्ष महिला पद पर डॉ. प्रतिभा अवस्थी, उपाध्यक्ष सामान्य पद पर डॉ. अभिषेक साहू व डॉ. दीपेंद्र गौतम, उपाध्यक्ष रूरल पद पर डॉ. अजय वर्मा और उपाध्यक्ष मुख्यालय पद पर डॉ. दिनेश पुष्कर चुने गए। इसके अलावा, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. अमितेश द्विवेदी, वित्त सचिव पद पर डॉ. शिवपूजन अवस्थी तथा संपादक पद पर डॉ. विनोद कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
​बुधवार को सीएमओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत व अभिनंदन किया तथा उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए और संगठन के हित में निस्वार्थ भाव से कार्य करें। डॉ. गुप्ता ने यह भी कहा कि चिकित्सकों का यह संगठन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में एक अहम कड़ी है, इसलिए सभी पदाधिकारी एकजुट होकर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करें और विभाग की छवि को और अधिक सशक्त बनाएं।

Related Articles

Comments

Back to Top