*माइक्रो प्लानिंग से होगा सेवा संकल्प अभियान का भव्य आयोजन : डीएम*
लखीमपुर खीरी Sep 16, 2026 at 06:58 PM , 0*17 सितंबर को सेवा दिवस पर जिलेभर में जलेंगे ‘आशीर्वाद का दीया’, अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविरों का होगा आयोजन*
लखीमपुर-खीरी, 16 सितंबर। ‘सेवा संकल्प अभियान : जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे अभियान की माइक्रो प्लानिंग तैयार कर सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध, व्यवस्थित और भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाए। बैठक का संचालन सीडीओ योगानंद पाण्डेय और पीडी डीआरडीए सतीश कुमार पाण्डेय ने किया।
*सेवा दिवस पर घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’*
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। इस अवसर पर शाम सात बजे जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में घरों, प्रतिष्ठानों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बड़ी परियोजनाओं, अमृत सरोवर, पंचायत भवन सहित लाभार्थियों के घरों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। सेठघाट, गुरु गोविंद सिंह चौक, मेडिकल कॉलेज सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प और 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
*अस्पतालों में फल वितरण, मेडिकल कॉलेज व एसएसबी में रक्तदान*
17 सितंबर को जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में फल वितरण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज लखीमपुर कैंपस और एसएसबी कैंपस में रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।
*कलेक्ट्रेट में सजेगी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी, विश्वकर्मा लाभार्थियों को मिलेगी टूलकिट*
‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026) एवं ‘जिसने जीवन संवारा, उन्हें आशीर्वाद हमारा!’ के तहत 17 सितंबर को कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा। प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सरकार की उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे आमजन को योजनाओं एवं उपलब्धियों से अवगत कराया जा सके। इसी अवसर पर विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूलकिट का वितरण भी किया जाएगा।
*विधानसभा स्तर पर भी होंगे व्यापक कार्यक्रम*
अभियान के तहत विधानसभा स्तर पर जनप्रतिनिधियों के समन्वय से खंड विकास अधिकारियों द्वारा व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में जनभागीदारी बढ़ाने के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सीएमओ, डीपीआरओ, अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम की पूर्व तैयारी, स्थल व्यवस्था, सहभागिता और क्रियान्वयन की माइक्रो प्लानिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि पूरे अभियान का प्रभाव जिलेभर में दिखाई दे।






_page-0001.jpg)
























Comments