जिला अस्पताल ओयल मार्ग पर लग रहा भीषण जाम, आफत में पड़ जाती है मरीजों की जान

लखीमपुर खीरी , 7

लखीमपुर खीरी। मोतीपुर स्थित जिला अस्पताल ओयल तक पहुँचने में मरीजों और उनके तीमारदारों के पसीने छूट रहे हैं। मुख्य सड़क मार्ग से जिला अस्पताल ओयल तक सड़क की चौड़ाई बेहद कम होने के कारण यहाँ आए दिन भीषण जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इस संकरे मार्ग पर लगने वाले लंबे जाम में अक्सर गंभीर मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस भी फंसी नजर आती है, जिससे मरीजों की जान पर खतरा मंडराने लगा है।स्थानीय लोगों और तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल गेट के ठीक बाहर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन और जगह-जगह सवारियां बैठाने के चक्कर में खड़े रहने वाले ऑटो रिक्शा इस भीषण जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। जिला अस्पताल गेट से लेकर ओयल मार्ग तक वाहनों की लंबी कतारें लगना अब रोज की बात हो गई है। सड़क चौड़ीकरण न होने और यातायात प्रबंधन की कमी के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
जाम की इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला अस्पताल चौकी प्रभारी अजय सिंह पुलिस बल के साथ लगातार मोर्चे पर डटे रहते हैं।उनके द्वारा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।चौकी प्रभारी अजय सिंह ने अस्पताल गेट के बाहर और मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से जाम लगाने वाले लोगों तथा ऑटो रिक्शा चालकों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसी ने भी नो-पार्किंग क्षेत्र या अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने वाहन खड़ा किया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क की कम चौड़ाई और बेतरतीब यातायात के इस कॉकटेल ने जिला अस्पताल आने वाले आपातकालीन मरीजों की मुश्किलों को कई गुना बढ़ा दिया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग का जल्द से जल्द चौड़ीकरण कराया जाए और ऑटो स्टैंड को अस्पताल परिसर से दूर व्यवस्थित किया जाए, ताकि एंबुलेंस और अन्य मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top