बरोठा-कुर्मीनपुरवा रपटा पर तेज बहाव में डूबी महिला, ग्रामीणों ने बचाई जान

लखीमपुर खीरी , 8

निघासन-खीरी। बरोठा और उसके मजरों में बाढ़ का पानी लगातार तेज बहाव के साथ चल रहा है। गुरुवार को बरोठा-कुर्मीनपुरवा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग स्थित रपटा पर शौच के लिए गई महिला तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगी। महिला को डूबता देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह उसकी जान बचाई और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार मीरा पत्नी मालती रपटा पार करते समय तेज बहाव के कारण अचानक पैर फिसलने से बाढ़ के पानी में गिर गईं। कुछ ही क्षणों में वह पानी में डूबने लगीं। यह देख ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बरोठा और उसके मजरों में कई दिनों से बाढ़ का पानी तेज बहाव के साथ बह रहा है। लगातार खबरों और ग्रामीणों की मांग के बावजूद प्रशासन की ओर से केवल बरोठा रपटा पर एक रस्सा लगाया गया है, जबकि अन्य स्थानों पर भी तेज बहाव बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इन स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
 ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष भी तेज बहाव में हादसा हुआ था। चारा लेने जा रहे अंकित पुत्र प्रहलाद पैर फिसलने से बाढ़ के तेज बहाव की चपेट में आ गए थे। ग्रामीणों ने चंदा एकत्र कर उनका इलाज कराया था। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले हादसे के बावजूद प्रशासन ने उससे कोई सबक नहीं लिया, जिसके चलते एक बार फिर हादसा हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल श्वेता सिंह भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं और पीड़िता का हाल जाना। उन्होंने बताया कि वह लगातार स्थिति की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे रही हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top