गौशाला से गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, पिकअप समेत पांच दबोचे, दो फरार,

लखीमपुर खीरी , 0

ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा, प्रबंधक पर लगे गंभीर आरोप, गौशाला में दो गोवंश मृत मिले,

गोला गोकर्णनाथ खीरी। ब्लाक कुंभी क्षेत्र के हैदराबाद गांव स्थित सरकारी गौशाला में गोवंश की अवैध बिक्री का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 5 बजे गांव स्थित गौशाला से गौवंशों को पिकअप में लादकर ले जाते समय ग्रामीणों ने 5 युवकों को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि दो युवक मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार उन्हें लंबे समय से गौशाला में अनियमितता की आशंका थी। सोमवार को पिकअप गौशाला परिसर में पहुंची और गौवंश लादे जाने लगे तो अरविंद शुक्ला, अवधेश मिश्रा, गौरव, रामू शुक्ला, नानक चन्द्र, अरुण अग्निहोत्री, सुरेन्द्र वर्मा, जोगेन्दर वर्मा, रमन समेत कई ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पिकअप समेत 5 युवकों को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 5 लोगों को हिरासत में लेकर पिकअप को कब्जे में ले लिया। फरार दो युवकों की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान गौशाला के अंदर दो गोवंश मृत अवस्था में भी मिले हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने गौशाला संचालक पर गौशाला की आड़ में लंबे समय से गौवंश की अवैध बिक्री का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

इस संबंध में बीडीओ श्रीश वर्मा ने बताया कि हैदराबाद गौशाला से पिकअप गाड़ी में गौवंशों को लादे जाने की सूचना ग्रामीणों ने दी थी। ग्रामीणों ने गौवंश को गाड़ी से उतरवा लिया और तस्करों को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में दो वहीं के केयरटेकर थे, बाकी बाहर से आए हुए पांच लोगों में से दो भाग गए। एडीओ पंचायत तहरीर लेकर थाने गए हैं, उनकी ओर से मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top