पिरई नदी में डूबा लापता 17 वर्षीय सचिन का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम

लखीमपुर खीरी , 10

मितौली खीरी।थाना क्षेत्र मितौली के ग्राम ओदारा के निकट पिरई नदी में नहाने गए 17 वर्षीय युवक सचिन शर्मा का शव गोताखोरों ने बरामद कर लिया है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे नदी के रपटा पर नहाते समय सचिन गहरे पानी में चला गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। इस हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई।
युवक के डूबने की सूचना पर कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू और जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ब्रजेश सिंह भी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासनिक मदद का भरोसा दिया। घटना के बाद से ही नदी के किनारे हजारों की संख्या में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही मितौली थाने के नवागत थाना प्रभारी दिलीप कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। शुरुआती दौर में स्थानीय ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक नदी में युवक की खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिजनों की मांग पर सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया। एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम ने कड़े बचाव एवं तलाश अभियान के बाद आखिरकार युवक के शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद से ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Comments

Back to Top