*सीडीओ अभिषेक कुमार के औचक निरीक्षण में गौशालाओं की व्यवस्थाओं की खुली पोल, दो सचिव निलंबित*

लखीमपुर खीरी , 0

*तीन सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू, चार बीडीओ को नोटिस; दो दिन में सभी गौशालाओं का निरीक्षण पूरा करने के निर्देश*

लखीमपुर खीरी, 02 सितंबर। जनपद में गोवंश संरक्षण एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बिना पूर्व सूचना के मोबाइल जीपीएस लोकेशन के माध्यम से कुंभी गोला विकासखंड की गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए दो सचिवों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान हैदराबाद एवं ममरी गौशालाओं में गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा एवं हरा चारा उपलब्ध नहीं पाया गया। परिसर में गंदगी एवं जलभराव की स्थिति के साथ ही पशुओं के बैठने एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था भी नहीं मिली। व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर हैदराबाद गौशाला की प्रभारी सचिव सुरभि गौर तथा ममरी गौशाला के प्रभारी सचिव अखिलेश कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

*अन्य गौशालाओं में भी मिली अनियमितताएं*
सीडीओ के निर्देश पर जनपद के अन्य विकासखंडों में संचालित गौशालाओं का भी निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान प्राप्त अनियमितताओं के आधार पर तीन अन्य सचिवों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है। वहीं गौशालाओं की व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण एवं संबंधित दायित्वों में लापरवाही के दृष्टिगत चार खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

*दो दिन में पूरी होगी सभी गौशालाओं की जांच*
सीडीओ ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अगले दो दिनों में जनपद की सभी गौशालाओं का निरीक्षण पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान किसी भी गौशाला में अव्यवस्था, लापरवाही अथवा गोवंश की देखभाल में कमी पाए जाने पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

*गोवंश की व्यवस्थाओं में लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी*
सीडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक गौशाला में गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा एवं हरा चारा, स्वच्छता, जल निकासी, बैठने एवं ठहरने की उचित व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

औचक निरीक्षण और तत्काल कार्रवाई के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गौशालाओं में गोवंश की देखभाल एवं मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top