*राशन विक्रेताओं का बढ़ा लाभांश, चेहरे पर आई मुस्कान; डीएम को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम आभार पत्र*

लखीमपुर खीरी , 3

लखीमपुर खीरी, 02 सितंबर। उचित दर दुकानदारों के लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी कर ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल किए जाने पर जिले के राशन विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार जताया। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, इकाई लखीमपुर-खीरी के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष करण पाल सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित धन्यवाद एवं आभार पत्र डीएम अंजनी कुमार सिंह को सौंपा।

राशन विक्रेताओं ने कहा कि लाभांश में यह वृद्धि उनके लिए महज आर्थिक राहत नहीं, बल्कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूती देने वाले हजारों विक्रेताओं के श्रम और जिम्मेदारी का सम्मान है। उचित दर विक्रेता सीमित संसाधनों के बावजूद गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में लाभांश बढ़ाए जाने से उनके आर्थिक हितों को मजबूती मिलेगी और वितरण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

धन्यवाद पत्र में कहा गया कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय उचित दर विक्रेताओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का परिचायक है। विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और हितों को गंभीरता से लेते हुए लाभांश में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
विक्रेताओं ने विश्वास जताया कि सरकार के मार्गदर्शन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जनकल्याणकारी बनाने में वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।

Related Articles

Comments

Back to Top