*सर्पदंश पर झाड़-फूंक नहीं, अस्पताल पहुंचाएं; समय पर इलाज से बच सकती है जान : एडीएम*
लखीमपुर खीरी Aug 31, 2026 at 06:50 PM , 16*बरसात में बढ़ा सांपों का खतरा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एडवाइजरी; 108, 112 और 1070 पर मिलेगी मदद*
लखीमपुर खीरी, 31 अगस्त। बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनहित में एडवाइजरी जारी की है। एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने आमजन से अपील की है कि सांप के काटने पर घबराएं नहीं और झाड़-फूंक, अंधविश्वास अथवा घरेलू उपचार में समय न गंवाएं। सर्पदंश की स्थिति में मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना ही सबसे अहम है।
*सांप काटे तो मरीज को रखें शांत*
प्रशासन के मुताबिक सर्पदंश के बाद मरीज को शांत रखें और उसे अनावश्यक रूप से चलने-फिरने न दें। डंक वाले हिस्से के आसपास पहनी घड़ी, अंगूठी, कड़ा अथवा कसाव वाले कपड़े तत्काल हटा दें। प्रभावित स्थान को साबुन और पानी से साफ किया जा सकता है, लेकिन घाव को काटने, चीरने या छेड़ने का प्रयास न करें। मरीज को बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाएं, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आवश्यकता होने पर एंटीवेनम उपचार दिया जा सके।
*जहर चूसना और झाड़-फूंक पड़ सकती है भारी*
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सांप का जहर मुंह से चूसकर निकालने का प्रयास न करें। डंक वाली जगह पर बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई दवा, मलहम या अन्य पदार्थ न लगाएं और न ही कसकर पट्टी बांधें। झाड़-फूंक, सपेरे या तांत्रिक के चक्कर में समय गंवाने से मरीज की हालत गंभीर हो सकती है। सांप को पकड़ने या मारने की कोशिश भी न करें।
*आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क*
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस 108, पुलिस 112 और राहत एवं आपदा हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला आपदा राहत कंट्रोल रूम के 05872-298410 नंबर पर भी तत्काल सूचना दी जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात में सावधानी बरतें और सर्पदंश की स्थिति में बिना समय गंवाए चिकित्सकीय सहायता लें।






_page-0001.jpg)
























Comments