दफ्तरों में जीन्स, टी-शर्ट पहनने पर रोक, डीएम ने जारी किया सख्त आदेश

लखीमपुर खीरी , 17

लखीमपुर-खीरी।जिला प्रशासन ने शासकीय कार्य संस्कृति और कार्यालय की गरिमा को बनाए रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी (डीएम) अंजनी कुमार सिंह ने जनपद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दफ्तरों में शालीन और औपचारिक वेशभूषा (फॉर्मल ड्रेस) पहनना अनिवार्य कर दिया है।जारी किए गए आधिकारिक पत्र के अनुसार, अब कार्यालय अवधि के दौरान जीन्स, टी-शर्ट या अन्य किसी भी प्रकार के अनौपचारिक (कैजुअल) कपड़े पहनकर आने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। डीएम ने साफ किया है कि ऐसी वेशभूषा शासकीय सेवा के अनुरूप नहीं है और इससे कार्यालय की गरिमा प्रभावित होती है।डीएम ने ड्रेस कोड के साथ-साथ फाइलों (पत्रावलियों) के रख-रखाव और प्रस्तुतीकरण को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन के संज्ञान में आया था कि महत्वपूर्ण और नीतिगत मामलों से जुड़ी फाइलें वरिष्ठ अधिकारियों के बजाय सीधे सहायक संवर्ग के कर्मचारियों के माध्यम से हस्ताक्षर के लिए भेजी जा रही थीं। अक्सर ये सहायक उन फाइलों के तथ्यों और प्रकरणों के बारे में पूरी जानकारी देने में असमर्थ रहते थे, जिससे शासकीय कार्यों में बाधा आ रही थी।नए आदेश के तहत अब सभी जनपद स्तरीय अधिकारी अपनी महत्वपूर्ण और नीतिगत प्रकृति की फाइलें स्वयं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।अधिकारियों को फाइल से जुड़े सभी तथ्यों और आवश्यक जानकारियों से पूरी तरह अपडेट रहना होगा ताकि वे डीएम को सही ढंग से अवगत करा सकें।महत्वपूर्ण फाइलों को सिर्फ हस्ताक्षर कराने के लिए सहायकों के माध्यम से भेजने की प्रथा पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को हिदायत दी है कि वे इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और अपने अधीनस्थ काम करने वाले सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को भी इसके प्रति सजग करें। आदेश की प्रतियां मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और अपर जिलाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top