मेजर ध्यानचंद की जयंती पर पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को पालिकाध्यक्ष ने किया सम्मानित,

लखीमपुर खीरी , 4

राष्ट्रीय खेल दिवस पर नगर पालिका सभागार में हुई गोष्ठी, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प,

गोला गोकर्णनाथ खीरी, 29 नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ के सभागार में शनिवार शाम हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा और खेल कौशल से भारतीय हॉकी को विश्व पटल पर गौरव दिलाया। मेजर ध्यानचंद का जीवन आज भी देश के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
एसजीएफआई के हॉकी चयनकर्ता विश्वनाथ सिंह ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं उनकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। पूर्व हॉकी खिलाड़ी राजेश गिरि एडवोकेट ने उनके जीवन संघर्ष और हॉकी के प्रति समर्पण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया।
गोष्ठी के संयोजक श्याममूर्ति शुक्ल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाना उनके महान योगदान के प्रति देश की सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
पूर्व हॉकी खिलाड़ियों का हुआ सम्मान,
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने नगर की हॉकी को अपनी प्रतिभा एवं योगदान से समृद्ध करने वाले पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले पूर्व हॉकी खिलाड़ियों में श्री नियामत उल्ला, विश्वनाथ सिंह, राममूर्ति शुक्ल, राजेश गिरि एडवोकेट, ईश्वरचंद्र तिवारी, डॉ. सूर्यप्रकाश वर्मा,  लक्ष्मीचंद्र गुप्ता,श्याममूर्ति शुक्ल, प्रवेश कुमार, अख्तर अली एवं इसरार उल्ला खाँ शामिल रहे।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने समय में हॉकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नगर का नाम रोशन किया है। ऐसे खिलाड़ियों का सम्मान नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उनके योगदान को याद रखने का माध्यम भी है।
कार्यक्रम में नगर के सभी सभासदों सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top