पंचायत हजरतपुर में सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र पर अवैध कब्जा कर गुरुद्वारा कमेटी ने चलाया बुलडोजर
लखीमपुर खीरी Aug 29, 2026 at 05:30 PM , 2गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पर भवन ध्वस्त करने का आरोप, ग्राम प्रधान ने अधिकारियों से मांगी कार्रवाई
बाँकेगंज -खीरी।विकासखंड बांकेगंज की ग्राम पंचायत हजरतपुर में सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र के भवन को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। ग्राम प्रधान हरजिंदर सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी पर सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र के भवन को कथित रूप से ध्वस्त किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के मुताबिक ग्राम पंचायत हजरतपुर के वार्ड संख्या-7 में पूर्व ग्राम प्रधान दर्शन सिंह के कार्यकाल में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया गया था। ग्राम प्रधान का आरोप है कि आंगनवाड़ी भवन को गुरुद्वारा की चारों तरफ बाउंड्री कर अवैध कब्जा कर लिया फिर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा उक्त सरकारी भवन को ध्वस्त कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद सरकारी भवन की सुरक्षा, भूमि के स्वामित्व और भवन को हटाए जाने की अनुमति को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्राम प्रधान हरजिंदर सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग की अनुमति के बगैर सरकारी आंगनबाड़ी केंद्र की इमारत ध्वस्त किए जाने के संबंध में खंड विकास कार्यालय बांकेगंज के सहायक विकास अधिकारी पंचायत तथा संबंधित थाना पुलिस को शिकायती पत्र भेजा गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने और सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति कराए जाने की मांग की है।
वर्जन--वहीं, बांकेगंज एडीओ पंचायत आरिफ खान ने बताया कि प्रधान/प्रशासक द्वारा दिए गए शिकायती पत्र को सीडीपीओ को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
जांच के बाद खुलेगा राज
सरकारी भवन वास्तव में किसके स्वामित्व वाली भूमि पर निर्मित था, उसे ध्वस्त करने का आदेश या अनुमति किस स्तर से दी गई और भवन को हटाने की परिस्थितियां क्या थीं—इन तमाम सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल शिकायत के बाद मामला संबंधित विभाग के संज्ञान में पहुंच चुका है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या सामने आता है और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।






_page-0001.jpg)
























Comments