कुकरा क्षेत्र में भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया

लखीमपुर खीरी , 1

राखियों से सजे भाईयों की कलाइयां, बहनों ने मांगी सुख-समृद्धि की मंगलकामना
 

बाँकेगंज खीरी। थाना मैलानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत कुकरा सहित जटपुरा,पहाड़नगर, खंजनपुर, ढाका, ग्रंट नंबर-3, लौकिहा, मूड़ा खजुहा, पहाड़पुर, सिकंदरपुर, हजरपुर, रोशननगर इंदिरानगर,बासुकपुर, मोहलिया, सुनहराभूड समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में धूमधाम से मनाया गया।

सुबह से ही गांवों और कस्बों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर प्रेम और विश्वास की डोर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा और हर सुख-दुःख में साथ निभाने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।

रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। घर-घर में पकवान और मिठाइयां बनाई गईं तथा परिवारों ने एक साथ मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की मिठास और आपसी प्रेम ने पूरे वातावरण को उत्सवी बना दिया। पर्व के दौरान क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों ने आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।

रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और भाईचारे के इस रिश्ते को सदैव मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।

Related Articles

Comments

Back to Top