मोतीपुर मेडिकल कॉलेज की बदहाली,एक महीने से लिफ्ट खराब,डॉक्टर कब बैठते हैं पता नहीं

लखीमपुर खीरी , 3

अस्पताल परिसर में जलभराव और गंदगी से संक्रमण का खतरा बढ़ा

रैंप की टूटी जाली और सूखे पेड़ दे रहे बड़े हादसे को दावत

लखीमपुर खीरी।स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय मोतीपुर ओयल इस समय खुद 'बीमार' नजर आ रहा है। अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण यहाँ आने वाले मरीजों, तीमारदारों और खुद मेडिकल स्टाफ को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनहित से जुड़ी इन गंभीर समस्याओं को लेकर अब क्षेत्र के नागरिकों में भारी आक्रोश है।

एक महीने से लिफ्ट बंद, तीमारदार ढो रहे मरीज

अस्पताल परिसर में लगी लिफ्ट पिछले करीब एक महीने से खराब पड़ी है।सबसे ज्यादा दुर्दशा दूसरी तीसरी मंजिल पर जाने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों और ऑपरेशन करा चुके मरीजों की हो रही है। तीमारदारों को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर से मरीजों को जैसे-तैसे ऊपर ले जाना पड़ रहा है।

चेंबर से गायब रहते हैं डॉक्टर, समय सारणी गायब

अस्पताल में डॉक्टरों के चेंबर में बैठने का कोई निश्चित समय तय नहीं है। मरीजों को यह पता ही नहीं चल पाता कि कौन सा डॉक्टर कब मिलेगा। ओपीडी के बाहर कुछ डाक्टरों की न तो नाम की पट्टिका है और न ही समय सारणी है । इस कारण दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीज दिनभर भटकने को मजबूर हैं।

चारों तरफ गंदगी का अंबार और जलभराव

अस्पताल के चारों ओर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गंदगी और रुके हुए पानी के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी घातक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्वच्छता अभियान के दावों के बीच जिला अस्पताल परिसर में फैली गंदगी प्रशासन की पोल खोल रही है।

हादसे को दावत देती टूटी जाली और सूखे पेड़

अस्पताल में रैंप के पास लगी सुरक्षा जाली टूट चुकी है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा, परिसर के चारों ओर बेहद पुराने और सूखे पेड़ खड़े हैं। ये पेड़ इस कदर जर्जर हो चुके हैं कि कभी भी गिर सकते हैं, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई है।क्षेत्र के नागरिकों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से मांग की है कि जनहित में इन सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर तत्काल लिफ्ट ठीक कराई जाए, डॉक्टरों की समय सारणी लगवाई जाए और परिसर की सफाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top