*जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर लखीमपुर में उमड़ा जनसैलाब*
लखीमपुर खीरी Aug 27, 2026 at 06:48 PM , 14गोटैयाबाग से निकला जुलूस, थरवरनगंज में हुआ समापन; नौजवानों से लेकर बच्चों तक में दिखा खासा उत्साह
लखीमपुर खीरी। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। गोटैयाबाग से शुरू हुआ जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ देर रात थरवरनगंज पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। जुलूस के दौरान जगह-जगह लोगों ने अकीदतमंदों का स्वागत किया।
जुलूस में नौजवानों के साथ बुजुर्ग और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों में अपने नबी हजरत मुहम्मद मुस्तफा ﷺ की यौमे पैदाइश की खुशी साफ नजर आई। हाथों में परचम लिए अकीदतमंद पूरे उत्साह के साथ जुलूस में आगे बढ़ते रहे।
जुलूस के दौरान नारे-ए-तकबीर और सलाम की सदाएं गूंजती रहीं। जगह-जगह मिलाद, दुरूद व सलाम का आयोजन किया गया। शहर का माहौल पूरी तरह जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशियों में डूबा नजर आया।
गोटैयाबाग से रवाना हुआ जुलूस कृष्णा टॉकीज क्रॉसिंग, बसंत टॉकीज, बक्सा मार्केट, मेला मैदान रोड, इमली चौराहा, जीआईसी, थरवरनगंज रोड समेत विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ा। इसके बाद काफिला शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ थरवरनगंज पहुंचा।
देर रात तक शहर में जश्ने ईद मिलादुन्नबी की रौनक बनी रही। अकीदतमंदों ने अपने नबी ﷺ की यौमे पैदाइश की खुशी का इजहार करते हुए दुआ और सलाम पेश किया। जुलूस में शामिल लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा माहौल अकीदत व भाईचारे से सराबोर नजर आया।






_page-0001.jpg)
























Comments