मोहल्ले में खुले मवेशियों और गंदगी से परेशान लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग,
लखीमपुर खीरी Aug 25, 2026 at 05:23 PM , 0गोला गोकर्णनाथ, खीरी। मोहल्ला मुन्नूगंज नंबर 12, निकट पीडब्ल्यूडी गोदाम क्षेत्र में खुले घूम रहे मवेशियों और जगह-जगह फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया ने इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से मोहल्लेवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए नगर पालिका प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
जिला अध्यक्ष राकेश कनौजिया का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा बड़ी संख्या में मवेशी पाले जा रहे हैं, लेकिन उन्हें बांधने के लिए पर्याप्त स्थान की व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि दूध निकालने के बाद कई मवेशियों को खुले में छोड़ दिया जाता है, जिसके चलते वे पूरे मोहल्ले में घूमते रहते हैं। इससे घरों के सामने, गलियों और सड़कों पर गोबर तथा अन्य गंदगी फैल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार सड़क और गलियों में गोबर पड़े रहने से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत होती है तथा खेलते समय फिसलकर चोट लगने का खतरा बना रहता है। वहीं खुले मवेशियों के कारण मोहल्ले में आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
राकेश कनौजिया ने बताया कि खुले मवेशियों की वजह से उन्हें स्वयं भी दुर्घटना का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, घर के बाहर खड़े मवेशियों के भागने के दौरान गोबर पर पैर फिसलने से उन्हें चोट लगी और पैर में फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले की सुरक्षा, स्वच्छता और आवागमन से जुड़ी समस्या बन चुकी है।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि खुले में घूम रहे मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई की जाए, पशुपालकों को मवेशियों को निर्धारित स्थान पर रखने के लिए बाध्य किया जाए तथा मोहल्ले में नियमित साफ-सफाई और गोबर की तत्काल व्यवस्था कराई जाए।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि यदि नगर पालिका प्रशासन द्वारा समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो मोहल्लेवासी आगे सामूहिक रूप से अपनी आवाज उठाने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी गोला तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी के स्तर पर तथा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि मामले को किसी समुदाय विशेष के विवाद के रूप में न लेकर स्वच्छता, सार्वजनिक सुरक्षा, पशु नियंत्रण और नागरिकों की सुविधा से जुड़ी समस्या के रूप में देखा जाए तथा निष्पक्ष रूप से नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मोहल्लेवासियों ने भी प्रशासन से उम्मीद जताई है कि बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए जल्द से जल्द खुले मवेशियों और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।






_page-0001.jpg)
























Comments