*सीसी लिमिट के नाम पर खाते से 1.24 लाख रुपये निकालने का आरोप, बैंक कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का आरोप*

लखीमपुर खीरी , 0

*मैलानी खीरी :* कस्बे के दामोदरपुर वार्ड-6 निवासी एवं न्यू मैलानी मेडिकल हॉल के संचालक अरुण कुमार यादव ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) मैलानी शाखा के कर्मचारियों पर धोखाधड़ी कर उनके खाते से 5.24 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना मैलानी प्रभारी निरीक्षक से करते हुए रकम ब्याज सहित वापस दिलाने और दोषी बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार अरुण कुमार यादव का एसबीआई मैलानी शाखा में चालू खाता संचालित है। व्यापार बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने बैंक में सीसी लिमिट बनवाने के लिए आवेदन किया था। कई माह तक बैंक के चक्कर लगाने और आवश्यक कागजात पूरे करने के बाद 27 जुलाई 2026 को बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी जतिन वर्मा ने फोन कर उन्हें शाखा प्रबंधक द्वारा बैंक बुलाए जाने की जानकारी दी।
आरोप है कि शाखा पहुंचने पर प्रबंधक रामकिशोर यादव ने दो खाली वाउचर देकर उन पर हस्ताक्षर करने को कहा। जब शिकायतकर्ता ने खाली वाउचर पर हस्ताक्षर करने पर आपत्ति जताई तो कथित तौर पर उसे बताया गया कि हस्ताक्षर करने से सीसी लिमिट अकाउंट एक्टिव हो जाएगा और इसके बाद वह व्यापारिक लेनदेन कर सकेगा। शिकायतकर्ता ने शाखा प्रबंधक पर विश्वास करते हुए खाली वाउचर पर हस्ताक्षर कर दिए।
इसके बाद उसी दिन उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सीसी खाते से 4 लाख रुपये तथा चालू खाते से 1.24 लाख रुपये काटे जाने के मैसेज आए। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने इस संबंध में शाखा प्रबंधक से जानकारी मांगी तो उन्हें बताया गया कि सीसी खाते से चार लाख रुपये उनके करंट अकाउंट में ट्रांसफर किए गए हैं, जबकि चालू खाते से काटे गए 1.24 लाख रुपये की जानकारी देने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि बैंक की 27 जुलाई 2026 की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और वाउचर की हैंडराइटिंग का मिलान कराने पर पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकती है।
पीड़ित ने थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की जांच कर बैंक द्वारा कथित रूप से निकाली गई पूरी रकम ब्याज सहित उसके खाते में वापस कराई जाए तथा दोषी बैंक कर्मचारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। बैंक प्रबंधन अथवा संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

*वर्जन :-* प्रभारी निरीक्षक मैलानी बृजेश कुमार मौर्य ने बताया, "अरुण कुमार यादव निवासी दामोदरपुर वार्ड नम्बर 6 द्वारा भारतीय स्टेट बैंक शाखा मैलानी के संबंध में शिकायत पत्र दिया गया है। उक्त मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"

Related Articles

Comments

Back to Top