माँ सिद्धिदात्री मन्दिर आश्रम कैमाहरा में ऐतिहासिक 108 पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक एवं श्रीमद्भागवत कथा का हुआ भव्य समापन

लखीमपुर खीरी , 0

लखीमपुर खीरी। श्रावण मास के पावन अवसर पर माँ सिद्धिदात्री मन्दिर आश्रम, कैमाहरा में आयोजित 108 पार्थिव शिवलिंग के भव्य रुद्राभिषेक एवं सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का दिव्य एवं भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर केवल कैमाहरा एवं आसपास के क्षेत्र ही नहीं, बल्कि विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त किया।

सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कथा व्यास परम पूज्य पंकज कृष्ण शास्त्री जी महाराज, श्रीधाम वृन्दावन ने अपनी ओजस्वी एवं मधुर वाणी से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान कराते हुए धर्म, भक्ति, संस्कार एवं मानव जीवन के आदर्श मूल्यों का संदेश दिया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे तथा सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 108 पार्थिव शिवलिंगों का महा रुद्राभिषेक रहा। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से सम्पन्न इस रुद्राभिषेक में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण एवं जनमानस की सुख-समृद्धि की कामना की। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया गया, जिसने इस बार ऐतिहासिक स्वरूप धारण कर लिया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं श्री हरि चरण सेवा संस्थान के अध्यक्ष तथा भाजपा लखीमपुर नगर के महामंत्री गंगापुत्र मनीष मिश्र ने बताया कि इस आयोजन की सफलता में पूरे ग्राम कैमाहरा एवं आश्रम परिवार का अभूतपूर्व सहयोग प्राप्त हुआ। बाहर से आए अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा ग्रामवासियों ने तन, मन और समय से सेवा कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से रमेश गुप्ता, मुनेश गुप्ता, श्रवण मिश्र, अमन अग्रवाल, सत्यम गुप्ता, पवन मिश्र, नितेश मिश्र, हरिओम गुप्ता, आनंद गुप्ता, संदीप शर्मा, दिव्या गुप्ता, कृष्ण गुप्ता, अभिनव गुप्ता, रिशु, दिव्यांग, प्रिंस सोनी, अमित गुप्ता, गुड्डन भैया, राजू गुप्ता, अंकित गुप्ता, अवधेश कश्यप, सचिन कश्यप एवं धनंजय मिश्र सहित अनेक युवाओं एवं ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक आज़ाद जी भाई साहब, डॉ. अंजनी मिश्र, डॉ. जयराम, अंकुर शुक्ला, जितेन्द्र वर्मा, अशोक अवस्थी, राहुल मिश्र, रामजी शेखर, ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी, भाजपा जिला महामंत्री राजेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामजी मौर्य, जिला मंत्री शरद मिश्र, दीपक पुरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर आश्रम परिवार द्वारा सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, दानदाताओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा माँ सिद्धिदात्री एवं भगवान शिव से समस्त जनमानस के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की गई।

Related Articles

Comments

Back to Top