लंच पैकेट की गुणवत्ता खराब मिलने पर जिम्मेदार कर्मी को फटकार
लखीमपुर खीरी Aug 21, 2026 at 05:35 PM , 2निघासन-खीरी। क्षेत्र के गांव पुरैना में बीते दिन आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हो गया। बाढ़ का पानी गांव में भर जाने से कई स्थान जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए भोजन एवं लंच पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को उपजिलाधिकारी यदुवीर सिंह, तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी और नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए लाए गए लंच पैकेटों की गुणवत्ता स्वयं परखी। जांच के दौरान भोजन की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर अधिकारियों ने लंच पैकेट लेकर आए कर्मी को जमकर फटकार लगाई।
अधिकारियों ने संबंधित कर्मी को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत सामग्री तैयार करते समय स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपजिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में लंच पैकेट की गुणवत्ता को लेकर किसी तरह की शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों के सख्त रुख के बाद राहत कार्य में लगे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाने और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।इस दौरान राजस्व निरीक्षक लक्ष्मण यादव, क्षेत्रीय लेखपाल स्वेता सिंह, सहित लोग मौजूद रहे।































Comments