पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर दिया ज्ञापन

लखीमपुर खीरी , 0

लखीमपुर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला शाखा ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर गुरुवार को रूट मार्च निकाला। बड़ी संख्या में कर्मचारी विकास भवन से मार्च करते हुए रोडवेज बस अड्डा, हमदर्द चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
रूट मार्च के दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार और जिला मंत्री सोमेंद्र कुमार मौर्य के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कहा कि नवीन पेंशन योजना में सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों का भविष्य बाजार आधारित व्यवस्था पर निर्भर है। इससे कर्मचारियों में भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
ज्ञापन में कहा गया कि नवीन पेंशन योजना में निश्चित पेंशन का प्रावधान नहीं है। कर्मचारियों ने सरकार से नवीन पेंशन व्यवस्था को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी पूरी सेवा अवधि में सरकार की योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान देते हैं। ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन के लिए पुरानी पेंशन जरूरी है।
कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री से मांग की कि उनके हित में पुरानी पेंशन योजना को पुन: बहाल किया जाए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

Related Articles

Comments

Back to Top