न्याय की गुहार लगाने पहुंचे व्यक्ति का कलेक्ट्रेट के बाहर रोने का वीडियो वायरल
लखीमपुर खीरी Aug 20, 2026 at 06:38 PM , 0लखीमपुर-खीरी। फरधान थाना क्षेत्र के सैदापुर पुलिस चौकी अंतर्गत अम्बपुर गांव निवासी शिव भगवान शर्मा बुधवार को परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने राजस्व गांव हरिहरपुर स्थित अपनी जमीन की पैमाइश और खेत की निशानदेही कराने की मांग की। आरोप है कि जमीन को लेकर उनका पड़ोसी से विवाद चल रहा है। प्रार्थनापत्र में उन्होंने फसल खराब करने, गाली-गलौज और धमकी देने सहित अन्य आरोप लगाए हैं।
शिव भगवान का कहना है कि उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर खेत की पैमाइश कराकर स्पष्ट निशानदेही कराने की मांग की थी, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके। उनका आरोप है कि बुधवार को जब वह परिवार के साथ अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे तो उन्हें कथित रूप से यह कहते हुए वहां से जाने को कहा गया कि, "तुम बहुत चतुर हो।"
इसके बाद शिव भगवान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर रोते हुए दिखाई दिए। इसी दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में वह न्याय की गुहार लगाते हुए जिलाधिकारी पर उन्हें वहां से भगा देने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह न्याय मांगने के लिए आए थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई।
शिव भगवान ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर खेत की पैमाइश और निशानदेही कराने की मांग की है। हालांकि, जिलाधिकारी की ओर से लगाए गए आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।































Comments