नानक चौकी स्थित तिरंगा झंडा स्थल के शिलापट्ट से पूर्व उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का नाम गायब, भाजपा विधायक अमन गिरी ने अपना नाम लगवाकर किया दोबारा लोकार्पण, क्षेत्र में चर्चा तेज
लखीमपुर खीरी Aug 20, 2026 at 06:20 PM , 0वर्ष 2023-24 में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने किया था लोकार्पण, बोर्ड टूटने के बाद नए बोर्ड में नाम बदलने से उठे सवाल
गोला गोकर्णनाथ खीरी, नगर के लखीमपुर रोड स्थित नानक चौकी पर स्थापित तिरंगा झंडा स्थल के लोकार्पण बोर्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व में लगे शिलापट्ट से पूर्व उप मुख्यमंत्री का नाम हटाकर वर्तमान विधायक का नाम लगाए जाने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत गोला नगर के लखीमपुर रोड, नानक चौकी पर तिरंगा झंडा निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य का विधिवत लोकार्पण तत्कालीन उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के कर-कमलों द्वारा किया गया था। उस समय स्थल पर लगाया गया शिलालेख पत्थर पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का नाम बतौर लोकार्पणकर्ता अंकित था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब डेढ़ साल बाद उक्त शिलापट्ट का पत्थर टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया था।
आरोप है कि इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 को गोला विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक अमन गिरी द्वारा उक्त स्थल पर दोबारा नए बोर्ड का लोकार्पण कर दिया गया। नए बोर्ड पर पूर्व में लोकार्पण करने वाले उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के नाम का कहीं जिक्र तक नहीं किया गया है। नए शिलापट्ट से उनका नाम पूरी तरह से हटा दिया गया है और उसकी जगह गोला विधायक अमन गिरी का नाम बतौर लोकार्पणकर्ता डाल दिया गया है।
इस घटनाक्रम के बाद से नगर सहित पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे राजनीतिक शिष्टाचार के विपरीत बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि बोर्ड टूटा था तो उसी नाम से दोबारा बोर्ड लगवाया जाना चाहिए था, किसी दूसरे नेता का नाम बदलकर अपना नाम लगाना उचित नहीं है।
वहीं इस मामले को लेकर भाजपा के अंदर भी अंदरूनी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि इस संबंध में विधायक पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।































Comments