गंगा स्नान के दौरान 20 वर्षीय कांवड़िए की डूबने से मौत, दो दिन बाद मिला शव
लखीमपुर खीरी Aug 17, 2026 at 06:10 PM , 13मितौली खीरी। मैगलगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर कस्बे से करीब 50 लोगों के साथ कांवड़ भरने फर्रुखाबाद के पांचाल घाट गए 20 वर्षीय पवन पाल पुत्र जितेंद्र पाल की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार को फर्रुखाबाद पुलिस ने पवन का शव बरामद होने की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन पाल शुक्रवार देर रात अपने गांव के करीब 50 साथियों के साथ पांचाल घाट पहुंचा था। शनिवार सुबह सभी को गंगा जल भरकर गोला गोकर्णनाथ के लिए रवाना होना था। सुबह पवन अपने साथी कौशल, मोहित और आकाश के साथ गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान पवन और उसका एक साथी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
शोर सुनकर मौके पर मौजूद गोताखोरों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। गोताखोरों ने पवन के साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पवन गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। इसके बाद गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार देर शाम तक करीब एक किलोमीटर के दायरे में खोजबीन की गई, लेकिन पवन का कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार को भी गोताखोरों की मदद से करीब 35 किलोमीटर के दायरे में पवन की तलाश जारी रही, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। सोमवार को फर्रुखाबाद पुलिस ने पवन का शव मिलने की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन फर्रुखाबाद के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए फरुखाबाद भेज दिया।
पवन दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पवन के गंगा में डूबने के बाद से ही परिजन उसके सकुशल मिलने की आस लगाए हुए थे, लेकिन सोमवार को उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।































Comments