स्वतंत्रता दिवस पर योग रंजन फाउंडेशन आयोजित करेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

लखीमपुर खीरी , 9

लखीमपुर-खीरी।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर योग रंजन फाउंडेशन द्वारा 15 अगस्त को योग रंजन योगाभ्यास केंद्र, बहादुर नगर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के साथ होगी। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। 

रक्त संग्रह के लिए जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक की छह सदस्यीय टीम कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहेगी तथा चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप रक्तदाताओं से रक्त संग्रह करेगी।

योग रंजन फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष योगाचार्य प्रिंस रंजन बरनवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्र के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का भी अवसर है। रक्तदान मानवता की सेवा का एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से हम किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में प्रत्यक्ष योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, योग साधकों एवं रक्तदाताओं से अपील की कि वे इस पुनीत अभियान में सहभागी बनकर “रक्तदान—मानवता के नाम” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजिका राजदीपिका तिवारी एवं कार्यक्रम प्रभारी आकांक्षा वर्मा ने बताया कि शिविर को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस मानवीय अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Related Articles

Comments

Back to Top