मितौली पुलिस की गश्त को धता बताकर चोरों ने एक साथ पांच दुकानों के ताले चटकाए, नकदी और सामान समेटा

लखीमपुर खीरी , 13

मितौली खीरी। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुख्य बस स्टैंड पर गुरुवार की बीती रात अज्ञात चोरों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक साथ पांच दुकानों में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोर दुकानों के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और जूस बनाने वाली मशीनों समेत कीमती सामान समेट ले गए।हैरानी की बात यह है कि जहां यह वारदात हुई, उसके ठीक पास ही क्षेत्राधिकारी कार्यालय स्थित है। सुरक्षा के इतने पुख्ता दावों के बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।शुक्रवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।व्यापारियों का कहना है कि पुलिस सुरक्षा का दावा तो करती है, लेकिन धरातल पर गश्त न के बराबर है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top