शारदा नहर में डूबे दिव्यांग का शव बरामद ई-रिक्शा का सिक्का चढ़ाते समय हुआ हादसा गांव में मातम

लखीमपुर खीरी , 30

लखीमपुर खीरी। पसगवां ब्लॉक के इब्राहिमपुर में शारदा नहर की झाल से रविवार को एक दिव्यांग का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान पीलीभीत जिले के बिलसंडा निवासी संजीव कुमार 40 के रूप में हुई है। संजीव एक पैर से विकलांग थे और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ दिन पहले ही उन्होंने नया ई-रिक्शा खरीदा था। परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन वह ई-रिक्शा चलाकर घर लौट रहे थे।रास्ते में शारदा नहर पड़ने पर वह ई-रिक्शा से उतरकर झाल पर सिक्का चढ़ाने लगे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। रविवार को इब्राहिमपुर के पास नहर में एक शव तैरता देखा गया, जिसकी सूचना उचौलिया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और परिजनों ने उसकी पहचान संजीव के रूप में की।
उचौलिया थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव के लोगों ने बताया कि संजीव मेहनती और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और हर कोई दुखी है।

Related Articles

Comments

Back to Top