जल जीवन मिशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया
लखीमपुर खीरी Aug 01, 2026 at 07:40 PM , 33धौरहरा खीरी।
ग्रामीण जल जीवन मिशन के अधिशासी अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने शनिवार को धौरहरा तहसील क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पानी की सप्लाई चालू मिली,लेकिन ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के आने की सूचना मिलते ही जलापूर्ति शुरू कराई गई।
जानकारी के अनुसार ईसानगर विकासखंड की ग्राम पंचायत लखपेड़ा में निरीक्षण के समय कहीं बूंद-बूंद पानी टपकता मिला तो कई घरों तक पानी पहुंचा ही नहीं था।ग्रामीण महिला कमला देवी ने कहा,आज अधिकारी फोटो लेने आए थे तभी पानी आया। इससे पहले नियमित जलापूर्ति नहीं होती थी।
ग्रामीण अवधराम,उमप्रताप, दुर्गेश, जयशंकर,बनवारी,शंभू,टीकाराम और सुनीता ने बताया कि उनके घरों तक अभी भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। उनका कहना था कि एक लोटा पानी भरने के लिए करीब 12 घंटे इंतजार करना पड़ता है। वहीं राजेश्वरी ने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से आज तक उनके घर पानी नहीं पहुंचा। बृजलाल और ओमप्रकाश ने बताया कि उनके यहां अभी तक नल कनेक्शन भी नहीं किया गया है।
सरकारी भवनों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। पंचायत भवन में पानी की सप्लाई नहीं थी, जबकि प्राथमिक विद्यालय में बिना टोटी के पाइप से बूंद-बूंद पानी गिरता मिला। ग्रामीणों ने टूटी सड़कों की मरम्मत,पाइपलाइन लीकेज ठीक कराने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने एक्सईएन के सामने शिकायतों की झड़ी लगा दी।अधिकारियों ने समस्याओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि जल जीवन मिशन की औपचारिकताएं तो पूरी होती दिख रही हैं,लेकिन योजना का वास्तविक लाभ अभी भी अधिकांश परिवारों तक नहीं पहुंच पाया है। फिलहाल निरीक्षण के बाद ग्रामीणों को एक बार फिर समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिला है।































Comments