8 साइबर ठग गिरफ्तार, भारी मात्रा में सिम-उपकरण बरामद

लखीमपुर खीरी , 37

लखीमपुर खीरी। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन सिवाजरा' के तहत साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली सदर क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच मार्ग स्थित अमृतागंज नहर पुलिया के पास यात्री भवन से पुलिस ने अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह के 8 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अभियुक्तों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में सिम कार्ड, फिंगरप्रिंट स्कैनर और मोबाइल फोन बरामद किए गए। मामले में थाना साइबर क्राइम पर बीएनएस की धारा 318(4), 317(2) व आईटी एक्ट 66(डी) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह गरीब ग्रामीणों को सिम पोर्ट कराने का झांसा देकर उनका बायोमेट्रिक लेता था। इसके बाद उनके नाम पर फर्जी सिम जारी कर बैंक खाते और फर्जी यूपीआई आईडी बनाई जाती थी। इन खातों का इस्तेमाल 'बिग विनर ऐप' पर लेनदेन के लिए किया जाता था और हर खाते पर मोटा कमीशन लिया जाता था। आरोपी जांच से बचने के लिए अपने सिम या खातों का उपयोग नहीं करते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top