डग्गामार बसों पर कार्रवाई न होने से आक्रोश 4 अगस्त से चक्का जाम की चेतावनी अनुबंधित बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने मोर्चा

लखीमपुर खीरी , 59

लखीमपुर खीरी। जनपद में अवैध डग्गामार बसों और टैक्सियों के संचालन के खिलाफ अनुबंधित बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्रवण कुमार गुप्ता और संरक्षक प्रेम प्रकाश बाजपेई के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एआरएम गीता सिंह और एआरटीओ को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि अवैध वाहनों पर तुरंत रोक नहीं लगी तो 4 अगस्त 2026 से सभी अनुबंधित बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। पदाधिकारियों का कहना है कि परिवहन निगम ने लखीमपुर से लखनऊ, गोला, धौरहरा जैसे राष्ट्रीयकृत मार्गों पर अनुबंधित बसें चलाने की अनुमति दी है, लेकिन इन मार्गों पर डग्गामार वाहन कम किराए का लालच देकर एलआरपी रोड और राजापुर से यात्रियों को अवैध रूप से ले जा रहे हैं।

बस स्वामियों का आरोप है कि शिकायत के बाद प्रशासन दो-चार दिन कार्रवाई करता है, फिर डग्गामार वाहन पहले की तरह चलने लगते हैं। इससे वैध बसों को यात्री नहीं मिल रहे और संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। एसोसिएशन ने कहा कि मांग पूरी न होने पर हड़ताल की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस संबंध में पत्र की प्रतियां जिलाधिकारी और रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को भी भेजी गई हैं। एआरटीओ शांति भूषण पांडे ने कहा कि ज्ञापन मिला है और अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बैठक में रितेश श्रीवास्तव, प्रदीप पटेल, गुल्लू राना, केसी मिश्रा सहित कई वाहन स्वामी मौजूद रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top