शारदा नहर में 17 वर्षीय युवक ने लगाई छलांग, पुलिस-पीएसी ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

लखीमपुर खीरी , 28

फूलबेहड़/लखीमपुर खीरी। थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गंगाबेहड़ पूर्वी निवासी करीब 17 वर्षीय युवक के शारदा नहर में छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और पीएसी की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। कई घंटे की तलाश के बावजूद अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार गंगाबेहड़ पूर्वी निवासी इदायत अली का करीब 17 वर्षीय पुत्र शादाब शुक्रवार सुबह लगभग 7:30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने उसके ननिहाल नवधन पटना में भी जानकारी की, लेकिन वहां भी शादाब के नहीं पहुंचने की पुष्टि हुई।

इसी दौरान करीब नौ बजे स्थानीय युवक ने परिजनों को सूचना दी कि थाना शारदानगर क्षेत्र के बड़ागांव नहर पुल के पास एक युवक ने नहर में छलांग लगाई है और मौके पर एक मोटरसाइकिल खड़ी है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां सीटी-100 मोटरसाइकिल खड़ी मिली। पास में मिली चप्पल को परिजनों ने शादाब की बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीएसी की टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया। सुबह से ही नहर में युवक की तलाश जारी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल सकी थी।

मौके पर सदर नायब तहसीलदार सुनील सिंह, फायर ब्रिगेड की टीम, शारदानगर इंस्पेक्टर बृज मोहन पुलिस टीम के साथ, गंगाबेहड़ हल्का लेखपाल अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हेमंत भार्गव और मजदूर समाज के जिलाध्यक्ष शौर्य वर्धन गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली।

पुलिस और पीएसी की टीम नहर में युवक की तलाश में जुटी हुई है। युवक के नहर में छलांग लगाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

Related Articles

Comments

Back to Top