श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई राजा युवराज दत्त जयंती

लखीमपुर खीरी , 27

(केके शुक्ला)

लखीमपुर खीरी।युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संस्थापक राजा युवराज दत्त सिंह जी की 119वीं जयंती श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने राजा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित किया, तत्पश्चात् सभी शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने राजा साहब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया।संस्थापक राजा युवराज दत्त सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल ने अपने वक्तव्य में राजा साहब के शिक्षा, समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में दिए गए अविस्मरणीय योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए उनके द्वारा किये गये कार्य प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राजा साहब द्वारा स्थापित शैक्षिक मूल्यों एवं सेवा-भाव को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों का अनुसरण कर राष्ट्र एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।विचार गोष्ठी में राजा युवराज दत्त सिंह जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रो. नीलम त्रिवेदी ने राजा साहब के गौरवशाली इतिहास, दूरदर्शी नेतृत्व एवं शैक्षिक दृष्टि पर प्रकाश डाला। गोष्ठी का संयोजन एवं संचालन प्रो. सुभाष चन्द्रा ने किया। वक्ताओं ने राजा साहब के शिक्षा-प्रेम, दूरदर्शी नेतृत्व तथा तराई क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विकास हेतु उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं प्रबन्धक राजा विष्णु नारायण दत्त सिंह जी ने ऑनलाइन माध्यम से सभी को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में स्थापित 20 किलोवॉट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। यह संयंत्र महाविद्यालय को ऊर्जा संरक्षण एवं हरित परिसर की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top