ब्लॉक मुख्यालय के सामने खेल मैदान बना कूड़ाघर, जिम्मेदार बेखबर

लखीमपुर खीरी , 28

स्कूल जाने वाले बच्चों पर मंडरा रहा संक्रामक रोगों का खतरा,नागरिकों ने डीएम व एसडीएम से लगाई गुहार

मितौली खीरी। विकास खंड मुख्यालय के सामने आदर्श इंटर कॉलेज मार्ग के समीप स्थित खेल मैदान का एक हिस्सा इन दिनों कूड़ाघर में तब्दील हो गया है। स्थानीय व्यापारियों द्वारा मैदान में लगातार कूड़ा एवं पॉलीथिन डाले जाने से यहां गंदगी का अंबार लग गया है। इससे न केवल खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, बल्कि संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदेश सरकार जहां स्वच्छता अभियान और संचारी रोग नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चला रही है, वहीं मितौली ब्लॉक मुख्यालय के सामने स्थित खेल मैदान की बदहाल स्थिति इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। मैदान की दक्षिणी सीमा से आदर्श इंटर कॉलेज का मार्ग गुजरता है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं। मैदान में फैली गंदगी और कूड़े के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विकास खंड प्रशासन को इस समस्या की पूरी जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप मैदान का एक बड़ा हिस्सा कूड़ा डालने का स्थायी स्थान बन गया है।गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने लखीमपुर मैगलगंज मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर अभियान चलाया था। अतिक्रमण तो हट गया, लेकिन सड़क किनारे और आसपास फैली गंदगी की सफाई नहीं कराई गई। आज भी मार्ग के दोनों ओर कूडा फैला हुआ देखा जा सकता  है।सबसे हैरानी की बात यह है कि इसी क्षेत्र में विकास खंड कार्यालय, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय, थाना मितौली और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित हैं। इसके बावजूद मुख्य मार्गों पर गंदगी और अतिक्रमण की समस्या लगातार बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने उपजिलाधिकारी मितौली एवं जिलाधिकारी  खीरी से तत्काल हस्तक्षेप कर खेल मैदान की सफाई कराने, नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

इस बाबत में जब 
 एडीओ पंचायत मितौली प्रमोद कुमार ने दूरभाष पर बातचीत के दौरान कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए संबंधित सफाई कर्मचारियों को तत्काल निर्देश जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top