*पत्रकारों से अभद्रता को लेकर पत्रकार सुरक्षा परिषद फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष व सदस्यों ने डीएफओ से की मुलाकात, कार्रवाई का मिला आश्वासन*

लखीमपुर खीरी , 34

*लखीमपुर खीरी।* शारदानगर रेंज के रेंजर द्वारा पत्रकार से कथित अभद्रता के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर पत्रकार सुरक्षा परिषद फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष मुजीबुर्रहमान के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दक्षिण खीरी वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) तापस मिहिर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने रेंजर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। डीएफओ तापस मिहिर ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित रेंजर के खिलाफ जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएफओ के आश्वासन के बाद भी पत्रकारों में रोष बना हुआ है। संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को शारदानगर रेंज कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। गौरतलब है कि शारदानगर रेंज की सकेथू वन बीट के बढ़ईडीहा गांव में कथित अवैध कटान की सूचना पर पत्रकार राकेश मौर्य ने रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया था। आरोप है कि रेंजर ने सवालों का जवाब देने के बजाय पत्रकार से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और फोन काट दिया। इससे पहले शिकायतकर्ता से भी कथित दुर्व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई थी। पत्रकार सुरक्षा परिषद फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष मुजीबुर्रहमान ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पत्रकारों का कार्य जनहित के मुद्दों को उठाना है और अधिकारियों का दायित्व तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखना है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Related Articles

Comments

Back to Top