थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादी

लखीमपुर खीरी , 61

धौरहरा खीरी।
धौरहरा कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। समाधान दिवस में कोतवाल दिनेश शर्मा व क्षेत्राधिकारी धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह व राजस्व विभाग के आरआई सहित कुछ लेखपालों की मौजूदगी रही। दोनों पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को उनका त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, रास्तों पर अतिक्रमण,पैमाइश, पारिवारिक विवाद,आपसी झगड़े सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े विभिन्न प्रकरण सामने आए। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए अभिलेखों का परीक्षण किया।कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि जिन प्रकरणों में विस्तृत जांच आवश्यक थी,उन्हें संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।
कोतवाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय और बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
राजस्व अधिकारियों ने भी कहा कि भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने लेखपालों और राजस्व कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
समाधान दिवस में पहुंचे लोगों ने अधिकारियों के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top