क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलते हैं वाहन
लखीमपुर खीरी Jul 25, 2026 at 07:20 PM , 63(मनोज मिश्र/केके शुक्ला)
धौरहरा/लखीमपुर। पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर स्थित सिसैया चौराहे का एक वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में एक यूपी 31टी 8494 नंबर की टाटा मैजिक वाहन में क्षमता से कहीं अधिक सवारियां भरी हुई दिखाई दे रही हैं। हैरानी की बात यह है कि वाहन में पुलिसकर्मी भी बैठे नजर आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों के बीच कार्रवाई और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे लंबे समय से अवैध रूप से डग्गामार वाहनों का स्टैंड संचालित हो रहा है। यहां से टाटा मैजिक और अन्य वाहन मनमाने ढंग से सवारियां भरकर रवाना होते हैं। आरोप है कि क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के बावजूद इन वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।
जबकि इसी पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। अधिक सवारियां होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद ओवरलोडिंग का सिलसिला लगातार जारी है।
लोगों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से अवैध डग्गामार वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगाने, हाईवे किनारे संचालित अवैध स्टैंड को हटाने तथा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।































Comments