मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने के मामले में आए एक नए वीडियो से मामला चर्चा में

लखीमपुर खीरी , 66

(सुनील शर्मा)


लखीमपुर खीरी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी में कथित रूप से पैसे लेकर नौकरी दिलाने के आरोपों से जुड़ी वायरल ऑडियो के बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. वाणी गुप्ता के चालक संदीप यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने पूर्व में लगाए जा रहे आरोपों से स्वयं को अलग बताते हुए कई महत्वपूर्ण दावे किए हैं।

वीडियो में संदीप यादव ने कहा है कि उससे कथित रूप से दबाव एवं जोर-जबरदस्ती के माध्यम से ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई थी। उसके अनुसार, इन रिकॉर्डिंग का उद्देश्य प्राचार्या प्रो. डॉ. वाणी गुप्ता को जानबूझकर एक साजिश के तहत फंसाना था। उसने यह भी दावा किया कि उस पर मानसिक दबाव बनाकर बयान दिलवाए गए।

संदीप यादव ने वीडियो में कथित साजिशकर्ताओं के रूप में मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित कुटी के बाबा, अंकित वर्मा, एक अधिवक्ता सहित कुछ अन्य व्यक्तियों के नाम भी लिए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। अब वायरल ऑडियो और उसके बाद आए इस वीडियो को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले की सत्यता और आरोपों की पुष्टि संबंधित जांच एवं सक्षम अधिकारियों की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top