डीपीआरओ कार्यालय की लिपिक 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी , 28

निलंबन रोकने के नाम पर मांगे थे पैसे, विजिलेंस ने कसा शिकंजा


लखीमपुर-खीरी। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में तैनात लिपिक रेखा मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद लखनऊ ले गई।विकास खंड कुंभी की ग्राम पंचायत बेड़ा मुल्तान में सफाई कर्मी के पद पर तैनात अखिलेश ने विजिलेंस से शिकायत की थी। उसका आरोप था कि उसके सेवा संबंधी प्रकरण को निस्तारित करने के बदले लिपिक द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि रकम तय होने के बाद उसने 20 हजार रुपये लिपिक को दिए थे। इसके बावजूद जनवरी में उसे निलंबित कर दिया गया।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार जैसे ही लिपिक ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे दबोच लिया। मौके से 20 हजार रुपये बरामद किए गए।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पहले महिला थाने लाया गया। जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम उसे आगे की पूछताछ के लिए लखनऊ ले गई।
इस कार्रवाई के बाद पंचायत राज विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है।

Related Articles

Comments

Back to Top