मेजर सत्य गुप्त की जयंती पर दीप यज्ञ, नेताजी के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

लखीमपुर खीरी , 126

लखीमपुर खीरी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, वक्ताओं ने मेजर सत्य गुप्त के राष्ट्रसेवा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रति समर्पण को किया याद।

लखीमपुर खीरी। सुभाषवादी जनता के संस्थापक एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अनन्य सहयोगी मेजर सत्य गुप्त की जयंती पर सोमवार को शहर की सब्जी मंडी स्थित उनके निवास पर श्रद्धा और सम्मान के साथ दीप यज्ञ एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री वेदमाता गायत्री प्रचार समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. राजेश दीक्षित ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन एवं दीप यज्ञ संपन्न कराया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने मेजर सत्य गुप्त के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ सुभाषवादी नेता विद्यासागर शर्मा ने कहा कि मेजर सत्य गुप्त जीवनभर नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विश्वसनीय सहयोगी रहे और अंतिम समय तक उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। उन्होंने कहा कि मेजर सत्य गुप्त ने लखीमपुर खीरी और गोला गोकर्णनाथ सहित विभिन्न स्थानों पर विशाल सभाएं आयोजित कर नेताजी के विचारों और उनके संघर्ष को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
कार्यक्रम के दौरान त्रिषा शर्मा ने वंदे मातरम् की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत कर दिया।
इस अवसर पर नरेंद्र अग्रवाल, हरीश नारायण मिश्र, संजीव मिश्रा, शिवपूजन सेन, दिलीप गुप्ता, मोहिनी शर्मा, शिवानी शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

Related Articles

Comments

Back to Top