धौरहरा में सरकारी नाले की 23.925 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जे का मामला, प्रशासन सख्त; फसलों की नीलामी की तैयारी

लखीमपुर खीरी , 51

धौरहरा (खीरी)। तहसील धौरहरा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की जांच में सरकारी नाले की भूमि पर अवैध कब्जा और खेती किए जाने की पुष्टि होने पर प्रशासन ने कब्जेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मौल्ही निवासी बलराम पुत्र नोखे ने 6 जुलाई को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम धौरहरा को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि गाटा संख्या 2666(ख), रकबा 23.925 हेक्टेयर, श्रेणी 6-1 (नाला) के रूप में दर्ज सरकारी भूमि पर कई लोगों ने वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा है और वहां गन्ना, केला तथा धान सहित विभिन्न फसलों की खेती की जा रही है।

शिकायत के बाद क्षेत्रीय लेखपाल संजय श्रीवास्तव ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे तथा फसलों की पुष्टि हुई। लेखपाल ने सीमांकन और निशानदेही की कार्रवाई पूरी कर उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद मंगलवार को कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर भी सौंप दी।

तहसीलदार आदित्य विशाल ने बताया कि लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी भूमि पर बोई गई फसलों की नीलामी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, ताकि सरकारी संपत्ति को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top