निघासन में एनआरएलएम से जुड़ी महिलाओं ने किया प्रदर्शन!

लखीमपुर खीरी , 3

ब्लॉक मिशन मैनेजर पर अपमानजनक टिप्पणी का आरोप, जांच और तबादले की मांग

लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं ने निघासन ब्लॉक में तैनात ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) आशीष दीक्षित के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने ब्लॉक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं का आरोप है कि ब्लॉक मिशन मैनेजर का व्यवहार लगातार अमर्यादित और अपमानजनक रहा है, जिससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं में भारी नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने मांग उठाई कि आशीष दीक्षित को तत्काल कार्य से हटाया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक आगामी 6 जुलाई को प्रस्तावित क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया स्थगित रखी जाए। उनका कहना था कि वर्तमान परिस्थितियों में चुनाव कराने से निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने निष्पक्ष जांच, सम्मानजनक कार्य वातावरण और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी जयेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित ब्लॉक मिशन मैनेजर के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि ब्लॉक मिशन मैनेजर को हटाने के संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है।

Related Articles

Comments

Back to Top