'बजट अरबों का, हाल बेहाल' - जलभराव में खड़े होकर बच्चों ने DM से लगाई गुहार, वीडियो वायरल

लखीमपुर खीरी , 3

ग्राम पंचायत अमेठी मजरा महादेव की सड़क पहली बारिश में तालाब बनी, निकास न होने से बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल  

*धौरहरा खीरी।* सरकार हर साल गांव और ग्रामीण विकास के नाम पर अरबों-खरबों का बजट खर्च करती है, लेकिन जमीनी हकीकत क्या है ये धौरहरा तहसील के मासूम बच्चों ने अपने वीडियो से बता दिया। विकास खंड धौरहरा की ग्राम पंचायत अमेठी के मजरा महादेव के नौनिहालों ने पहली बरसात में ही टूटी-फूटी सड़क और जलभराव की पोल खोल दी। बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक मजरा महादेव में जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कराए गए विकास कार्यों की हालत पहली बारिश में ही सामने आ गई। सड़क पर पानी निकास की कोई व्यवस्था न होने से पूरी सड़क पर पानी भर गया है। जलभराव की वजह से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी दिक्कत हो रही है।
दो दिन पहले गांव के ही मासूम बच्चों ने सड़क पर भरे पानी के बीचोंबीच खड़े होकर वीडियो बनाई। वीडियो में बच्चे हाथ जोड़कर DM खीरी से रास्ता निर्माण कराने की मिन्नत कर रहे हैं। बच्चों का कहना है कि पानी की वजह से उनका स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। वीडियो में सड़क की बदहाली और जलभराव साफ दिख रहा है। जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड हुआ, वो तेजी से वायरल हो गया। लोग कमेंट कर रहे हैं कि 'विकास के दावे कागजों तक सीमित हैं'। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विकास के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई है। नाली, निकासी और सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया गया।
 ग्रामीणों और बच्चों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले मजरा महादेव की सड़क की मरम्मत और पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। ताकि बच्चे बिना परेशानी स्कूल जा सकें और बीमारियों का खतरा न बढ़े।l

Related Articles

Comments

Back to Top